Shravasti News: जाली भारतीय मुद्रा छापने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 1.74 लाख के नकली नोट बरामद
Shravasti News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जनपद श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय जाली मुद्रा छापने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ की टीम ने 5 नवंबर 2026 को तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1,74,000 रुपये के जाली नोट, कलर प्रिंटर, इंक रिफिल और छपाई में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से श्रावस्ती और आसपास के जिलों में संगठित गिरोह द्वारा जाली नोटों की छपाई और उनकी बिक्री की सूचना मिल रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक (STF) अमित कुमार नागर के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर बहराइच-मल्हीपुर रोड स्थित गिरिराज राइस मिल (भिटिया चिचड़ी, थाना सोनवा) के पास से इन आरोपियों को दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान इस प्रकार है।
गिरिजा शंकर जायसवाल (पुत्र छोटे लाल जायसवाल)- निवासी: शिवनगर, गोंडा रोड बहराइच, थाना कोतवाली देहात, जनपद बहराइच।
नरेन्द्र कुमार चौरसिया (पुत्र सुखराम चौरसिया) – निवासी: ग्राम लालबोझी, पोस्ट भटपुरवा, थाना नवीन मॉडर्न, जनपद श्रावस्ती।
बृजेन्द्र गोस्वामी (पुत्र उदयराज गोस्वामी) – निवासी: ग्राम भगवानपुर बनकट, थाना इकौना, जनपद श्रावस्ती।
अभियुक्तों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में जाली नोट और छपाई की सामग्री जब्त की है। 500 रुपये के 223 नोट, 200 रुपये के 44 नोट और 100 रुपये के 537 नोट (कुल 1,74,000 रुपये) जाली मुद्रा बरामद हुई है। तकनीकी उपकरण व सामग्री में एक अदद कैनन कलर प्रिंटर, 4 कैनन प्रिंटर इंक रिफिल (भरी हुई), 2 खाली रिफिल, 3 बंडल ए4 साइज पेपर और 500, 200 व 100 रुपये के 3 अदद डाई जब्त की गई है। इसके साथ ही 3 आधार कार्ड, 3 पैन कार्ड, 3 ड्राइविंग लाइसेंस, 5,500 रुपये नगद और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

मुंबई से सीखा था जाली नोट बनाने का तरीका
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी बृजेन्द्र गोस्वामी ने एसटीएफ को बताया कि वह पहले मुंबई में रहता था, जहाँ उसने नकली नोट छापने का अवैध धंधा और तरीका सीखा था। इसके बाद वह श्रावस्ती लौट आया और अपने साथियों गिरिजा शंकर और नरेन्द्र कुमार के साथ मिलकर एक साजिश रची। आरोपियों ने योजना बनाई थी कि दीपावली के दौरान जुआ खेलने वालों और बाजार में नकदी की भारी मांग रहती है, इसलिए वे बड़े पैमाने पर जाली नोट छापकर बाजार में खपाएंगे और भारी मुनाफा कमाएंगे। हालांकि, इससे पहले कि वे अपने मंसूबे में कामयाब होते, एसटीएफ ने उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सोनवा, जनपद श्रावस्ती में मु.अ.सं. 196/2026 के तहत धारा 3(5), 318(2), 180, 181, 182 BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। थाना सोनवा पुलिस द्वारा इस मामले में अग्रिम विधिक और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

