‘समाज को जाति में बांट रहे, इनके एजेंडे में विकास नहीं’, CM Yogi का सपा-कांग्रेस पर निशाना

CM Yogi in Siddharthnagar: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिद्धार्थनगर में 311 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिले में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश और उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने सिद्धार्थनगर को आकांक्षी जिलों में तेजी से आगे बढ़ने वाला जिला बताते हुए कहा कि नीति आयोग की ओर से भी जिले को बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार मिल चुका है।

CM Yogi ने कहा कि सिद्धार्थनगर अब विकास के पायदान पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसकी भूमिका और मजबूत होगी।

शिक्षा और रोजगार को लेकर कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में देश के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने करीब 55-60 साल तक देश पर शासन किया, लेकिन इन क्षेत्रों के लिए कोई स्पष्ट विजन तैयार नहीं किया।

CM Yogi ने कहा कि आज युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और नौकरी के साथ उद्यमिता के अवसरों की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले कौशल विकास के लिए कोई व्यवस्थित व्यवस्था नहीं थी, जबकि अब उत्तर प्रदेश समेत देशभर में 17 हजार कौशल विकास केंद्र संचालित हो रहे हैं। देश में 15 हजार से ज्यादा आईटीआई हैं।

स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या 2025 तक बढ़कर 818 हो गई। उन्होंने एम्स की संख्या बढ़ने का भी दावा किया।

योगी ने कहा कि 2014 से पहले देश में 51,348 एमबीबीएस सीटें थीं, जबकि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 1,28,926 युवा एमबीबीएस की पढ़ाई में दाखिला ले रहे हैं।

सपा-कांग्रेस पर जाति की राजनीति का आरोप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों के एजेंडे में विकास नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियां समाज को जाति के नाम पर बांटने का काम कर रही हैं।

योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट लेकर आई थी, लेकिन विपक्ष ने उसमें भी अड़ंगा लगाने की कोशिश की। CM Yogi ने कहा कि जनता विकास चाहती है, जबकि विपक्ष जातिगत राजनीति के जरिए समाज को बांटने में लगा है।

Also Read: यूपी चुनाव पर बोले भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह, इस बार कड़ी टक्कर, सपा-कांग्रेस गठबंधन से होगी सीधी जंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.