एनकाउंटर की धमकी से आहत युवक ने दी जान, रायबरेली में दरोगा-सिपाही पर गंभीर आरोप
Raebareli News: रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में 28 वर्षीय युवक की मौत के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बीकरगढ़ गांव निवासी राजू ने मंगलवार रात फंदे से लटककर जान दे दी। बुधवार सुबह जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस एक गैर इरादतन हत्या के मामले में राजू के बहनोई को कोर्ट में सरेंडर कराने का दबाव बना रही थी। परिवार के मुताबिक, पुलिस ने राजू को धमकी दी थी कि अगर उसने अपने बहनोई को सरेंडर नहीं कराया तो उसका एनकाउंटर कर दिया जाएगा। परिजनों का दावा है कि इसी पुलिस दबाव से आहत होकर राजू ने यह कदम उठाया।
शव लेने पहुंची पुलिस तो भड़के परिजन
सुबह राजू के कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने खिड़की से देखा तो वह पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटका मिला। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोक दिया और पुलिसकर्मियों के साथ नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर ऊंचाहार के अलावा कई थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी। एएसपी आलोक सिंह ने भी पहुंचकर परिजनों से बातचीत की।
दरोगा-सिपाही पर लगाए गंभीर आरोप
राजू के पिता माताबदल ने पुलिस को दी तहरीर में ऊंचाहार कोतवाली में तैनात एक दरोगा और सिपाही को बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। उनका आरोप है कि उनकी बेटी के ससुराल पक्ष से जुड़े एक मामले में राजू के बहनोई समेत अन्य लोगों पर गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज हुई थी।
पिता के मुताबिक, पुलिस राजू पर लगातार बहनोई को सरेंडर कराने का दबाव बना रही थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करीब 10 दिन पहले पुलिस राजू को उठाकर ले गई थी और उसके साथ मारपीट की गई। बाद में 10 हजार रुपये लेकर उसे छोड़ने का भी आरोप लगाया गया।
हालांकि पुलिस ने परिवार के आरोपों को खारिज किया है। सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी के मुताबिक, राजू के रिश्तेदार फरार चल रहे थे और राजू से उन्हें हाजिर कराने को लेकर पूछताछ की गई थी। पुलिस ने मारपीट या धमकी देने के आरोपों को गलत बताया है।
मई में हुई थी शादी, पत्नी की आंखों के सामने उजड़ा घर
राजू की शादी इसी साल मई में अंजली से हुई थी। घटना के वक्त उसकी पत्नी मायके में थी। पति की मौत की खबर मिलते ही वह ससुराल पहुंची। परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों का कहना है कि राजू एनटीपीसी परियोजना में मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। अब परिवार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। एएसपी ने जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है।
फिलहाल मामले में परिवार की तहरीर, पुलिस के आरोपों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Also Read: गोरखपुर में ठेकेदार की हत्या का VIDEO वायरल, नाबालिग ने तलवार से किए ताबड़तोड़ वार

