गोरखपुर में ठेकेदार की हत्या का VIDEO वायरल, नाबालिग ने तलवार से किए ताबड़तोड़ वार

Gorakhpur News: गोरखपुर में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या का वीडियो सामने आया है। घटना 8 अगस्त की है, जबकि वीडियो गुरुवार देर शाम सामने आया। वीडियो में एक नाबालिग आरोपी ठेकेदार पर तलवार से हमला करता दिख रहा है। वह सड़क पर दौड़ाकर उनके सिर, हाथ और पीठ पर वार करता है। ठेकेदार हाथ जोड़कर जान बचाने की गुहार लगाते दिखते हैं। इसके बाद आरोपी मौके से भाग जाता है।

शिवकुमार (52) सिकरीगंज के अहिरौली गांव के रहने वाले थे। 8 अगस्त को वह गांव में ब्रह्मभोज में शामिल हुए थे। खाना खाते समय राहुल चौधरी (30) ने पीछे से बांके से उनके सिर पर हमला कर दिया। घायल शिवकुमार को लोग ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे, तभी राहुल समेत 8 आरोपियों ने रास्ता रोक लिया।

200 मीटर दूर ले जाकर किया हमला

आरोपियों के पास लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। उन्होंने शिवकुमार को ऑटो से बाहर खींच लिया और करीब 200 मीटर दूर ले गए। इसी दौरान रोहित का नाबालिग भाई तलवार लेकर पहुंचा और शिवकुमार पर हमला कर दिया। उनकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद एक युवक ने घटना का वीडियो बना लिया।

पुलिस के मुताबिक, हत्या की वजह पुरानी रंजिश है। 2024 में राहुल के चचेरे भाई आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। इस मामले में शिवकुमार के परिवार के कुछ लोगों के नाम सामने आए थे।

8 आरोपी जेल भेजे, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सिकरीगंज थाना प्रभारी अंजुल चतुर्वेदी को लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। आरोपियों पर NSA के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

11 अगस्त को पार्षद और वकील विश्वजीत त्रिपाठी ने वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया। उन्होंने पुलिस पर वीडियो हटाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। कचहरी पहुंची पुलिस के विरोध के बाद वहां से लौट गई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.