यूपी में 7 PCS अधिकारियों के किए तबादले, प्रयागराज और गोरखपुर के सिटी मजिस्ट्रेट बदले
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से 7 प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की। इस फेरबदल के तहत बलरामपुर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के पद पर कार्यरत ज्योति राय को पदोन्नति देते हुए आजमगढ़ मंडल का नया अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, बांदा में नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी संभाल रहे संदीप केला को अब बलरामपुर का नया एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। इसके अलावा बुलंदशहर के उप जिलाधिकारी दिनेश चंद्र को बांदा का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
प्रयागराज और गोरखपुर के नगर मजिस्ट्रेटों का हुआ परस्पर तबादला
इस प्रशासनिक फेरबदल में सबसे प्रमुख बदलाव प्रयागराज और गोरखपुर जिलों के नगर मजिस्ट्रेटों के बीच देखने को मिला, जहाँ दोनों अधिकारियों को आपस में बदल दिया गया है। प्रयागराज के नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह को अब गोरखपुर का नया सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है, जबकि गोरखपुर में तैनात उत्कर्ष श्रीवास्तव को स्थानांतरित कर प्रयागराज के नगर मजिस्ट्रेट पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त, चंदौली की एसडीएम दिव्या ओझा का तबादला कर उन्हें बरेली का अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है और जन भवन लखनऊ में कार्यरत निधि पांडेय को लखनऊ में उप जिलाधिकारी (SDM) पद पर तैनात किया गया है।
हाल ही में 13 आईएएस अधिकारियों का भी हुआ था ट्रांसफर
गौरतलब है कि पीसीएस अफसरों के इस तबादले से ठीक पहले राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 13 वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा बदलाव किया था। सरकार ने गोरखपुर, बस्ती, बरेली और प्रयागराज मंडलों में नए मंडलायुक्तों की नियुक्ति की थी। 31 जुलाई को बस्ती के मंडलायुक्त अखिलेश सिंह के रिटायर होने के बाद से यह पद रिक्त चल रहा था, जिस पर अब नए अधिकारी की तैनाती कर दी गई है।
Also Read: भारी हंगामे के बीच लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, पीएम मोदी और अमित शाह रहे मौजूद

