लखनऊ की स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सुरेश खन्ना ने सफाई कंपनी पर 5 लाख जुर्माने के दिए निर्देश

Lucknow News: लखनऊ में सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत देखने के लिए प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार सुबह नगर निगम के जोन-3 और जोन-4 के चार वार्डों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अयोध्या दास प्रथम, अयोध्या दास द्वितीय, फैजुल्लागंज द्वितीय और गोमती नगर वार्ड का दौरा किया। सड़कों पर सफाई अपेक्षाकृत ठीक मिली, लेकिन कई जगह नालियों में गंदगी देखकर मंत्री नाराज हो गए।

उन्होंने खुद नालियों की स्थिति देखी और जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई। मंत्री ने कहा कि सिर्फ सड़कों पर झाड़ू लगाना पर्याप्त नहीं है। नालियों की नियमित सफाई भी जरूरी है। उन्होंने लापरवाही करने वालों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

सफाई कंपनी पर 5 लाख का जुर्माना

जोन-3 में सफाई का काम कर रही ‘लायन एनवायरो’ की व्यवस्था में खामियां मिलने पर सुरेश खन्ना ने कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से सफाई एजेंसियों की नियमित निगरानी करने को कहा।

गोमती नगर वार्ड में भी नालियों की सफाई खराब मिली। इस पर संबंधित एसएफआई और सुपरवाइजर का पांच-पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। हालांकि सड़कों की सफाई बेहतर मिलने पर वार्ड सदस्यों की सक्रियता की सराहना की गई।

बिजली के तारों को भी व्यवस्थित करने के निर्देश

मंत्री ने गलियों में अव्यवस्थित ढंग से लटक रहे बिजली के तारों पर भी चिंता जताई। उन्होंने सुरक्षित समाधान के निर्देश दिए। सुरेश खन्ना ने कहा कि लखनऊ स्मार्ट सिटी है तो इसकी सड़कें, गलियां और नागरिक सुविधाएं भी उसी स्तर की दिखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर महीने कुछ वार्डों का खुद निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण में मिली कमियां अगली बार दोबारा नहीं दिखनी चाहिए। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- विनय अवस्थी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.