दिल्ली में बम धमाके की धमकी से हड़कंप, HC-एयरपोर्ट से लाल किले तक हाई अलर्ट

Delhi Bomb Threat: स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले दिल्ली में बम धमाकों की धमकी से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह एक अज्ञात ईमेल के जरिए दिल्ली हाई कोर्ट, जिला अदालतों, एयरपोर्ट, लाल किला, मेट्रो और ट्रेनों को निशाना बनाने की धमकी दी गई। इसके बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। कई स्थानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है।

हाई कोर्ट और अदालतों को धमकी

जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल रजिस्ट्रार जनरल को मिला। इसमें 15 अगस्त को दोपहर 2:11 बजे दिल्ली हाई कोर्ट में विस्फोट की धमकी दी गई। इसके अलावा दोपहर 3:11 बजे जिला अदालतों में बम धमाके का दावा किया गया। सिविक सेंटर स्थित मेयर कार्यालय को भी ईमेल के जरिए धमकी मिली है।

ईमेल में लाल किले, दिल्ली एयरपोर्ट, दिल्ली मेट्रो और अंबाला से दिल्ली आने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई। संदेश में खालिस्तान और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया है।

कई इमारतों की जांच, सुरक्षा बढ़ी

धमकी के बाद कई इमारतों को खाली कराकर जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस, दमकल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर मौजूद हैं। रणनीतिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सार्वजनिक जगहों और प्रवेश-निकास मार्गों पर भी सघन जांच हो रही है।

दिल्ली हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव कुणाल मल्होत्रा ने धमकी को फर्जी प्रतीत होने की बात कही। हालांकि उन्होंने कहा कि सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। 15 अगस्त को लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्र को संबोधित करेंगे, जिसे देखते हुए सुरक्षा पहले से ही कड़ी है।

Also Read: सुल्तानपुर में तड़के सुबह पुलिस से मुठभेड़, 5 तस्कर गिरफ्तार, 5 करोड़ की मॉर्फिन बरामद 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.