Lucknow News: पिता की मौत के बाद बेटे ने शव से लगवाया अंगूठा, 3 करोड़ की जमीन हथियाने का आरोप

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र से मानवीय संवेदनाओं और पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी बेटे पर आरोप लगा है कि उसने अपने वृद्ध पिता के निधन के तुरंत बाद, अंतिम संस्कार से ठीक पहले उनके शव की उंगली पकड़कर सादे कागजों पर अंगूठे के निशान लगवा लिए। इस पूरे मामले का कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, मामला रहीमाबाद थाना क्षेत्र के खड़ौहा गांव का है। बताया जा रहा है कि 75 वर्षीय छत्रपाल का अपने बेटे महेंद्र के साथ लंबे समय से संपत्ति और पारिवारिक विवाद चल रहा था। मृतक की बेटी सुमन के मुताबिक, वर्ष 2023 में बेटे ने माता-पिता को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद पिता ने सार्वजनिक रूप से बेटे को बेदखल कर दिया था और अपनी साढ़े छह बीघा जमीन में से एक-एक बीघा जमीन अपनी तीनों बेटियों को देने की बात कही थी।

इलाज के बहाने ले जाने के दो दिन बाद मौत

परिजनों के अनुसार, 7 जुलाई को जब बुजुर्ग छत्रपाल की तबीयत बिगड़ी, तो बेटा महेंद्र बेहतर इलाज का झांसा देकर उन्हें अपने साथ ले गया। हालांकि, दो ही दिन बाद यानी 9 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में छत्रपाल की मृत्यु हो गई। अंतिम संस्कार के समय बेटियों के साथ बदसलूकी और विवाद की बात भी सामने आई है।

3 करोड़ रुपये की जमीन हथियाने की साजिश

बेटियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी हो रही थी, उसी दौरान महेंद्र ने अपने रिश्तेदारों की मदद से मृत पिता का अंगूठा सादे कागजों पर लगवाया। आरोप है कि करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की साढ़े छह बीघा जमीन को अपने नाम कराने के उद्देश्य से यह जालसाजी की गई। इस घिनौनी करतूत को वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने कैमरे में कैद कर लिया।

वीडियो वायरल होने के बाद मृतक की बेटियों ने पुलिस प्रशासन से न्याय और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है, जिसके बाद ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, दिव्यांगों पर टिप्पणी मामले में सभी FIR रद्द

Get real time updates directly on you device, subscribe now.