मेलोनी वाले मजाक पर घिरी कांग्रेस, राहुल के बयान पर विदेश मंत्रालय बोला- बात सम्मान से रखें

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के विदेश नीति पर किए गए तंज और जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) का नाम लेकर किए गए मजाक को लेकर विवाद बढ़ गया है। मामले पर अब विदेश मंत्रालय (MEA) की प्रतिक्रिया सामने आई है।

मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत के इटली के साथ मजबूत संबंध हैं और दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की कोशिश जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी बात को सम्मान के साथ रखा जाना चाहिए।

दरअसल, गुरुवार को दिल्ली के मावलंकर हॉल में आयोजित रचनात्मक कांग्रेस कन्वेंशन में Rahul Gandhi ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर निशाना साधते हुए मंच पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित (Sandeep Dixit) के साथ एक एक्ट किया था। राहुल ने उन्हें सामने बुलाकर गले लगाया और तंज कसते हुए कहा था कि कुछ लोगों के दिमाग में यह बात बैठ गई है कि ‘गले लगना ही फॉरेन पॉलिसी है।’

Meloni के नाम पर संदीप दीक्षित का तंज

राहुल गांधी के एक्ट के दौरान संदीप दीक्षित ने उनसे पूछा- ‘एक बात पूछ सकता हूं?’ इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मेलोनी समझ कर तो नहीं पकड़ा था…।’ इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच ठहाके गूंज उठे। राहुल गांधी ने भी हंसते हुए जवाब दिया कि वह अभी तक वहां नहीं पहुंचे हैं।

Rahul Gandhi और संदीप दीक्षित का यह पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसी को लेकर अब राजनीतिक विवाद भी बढ़ गया है।

विदेश मंत्रालय ने रिश्तों का हवाला देकर दी नसीहत

विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए भारत-इटली संबंधों को मजबूत बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने पर काम हो रहा है। मंत्रालय की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि विदेश नीति जैसे गंभीर विषयों पर टिप्पणी करते समय भाषा और प्रस्तुति में सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

Rahul Gandhi की टिप्पणी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे छोटी सोच वाली और निंदनीय टिप्पणी बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से यह बात पीड़ा देती है और उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में विपक्ष के किसी नेता की ओर से इस तरह का व्यवहार नहीं देखा।

उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा और आचरण स्वस्थ लोकतांत्रिक राजनीति के लिए अच्छा संकेत नहीं है। इस पूरे विवाद के बीच अब कांग्रेस की टिप्पणी, विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया और राजनाथ सिंह के बयान ने मुद्दे को और राजनीतिक रंग दे दिया है।

Also Read: ‘गले लगना ही फॉरेन पॉलिसी है!’ राहुल ने मोदी की नकल कर कसा तंज, ‘मेलोनी’ सवाल पर गूंजे ठहाके

Get real time updates directly on you device, subscribe now.