Sambhal News : स्वतंत्रता दिवस समारोह में बड़ा हादसा, स्कूल के गेट की छत गिरी; एक बच्चे की मौत, दो घायल

Sambhal News : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। असमोली थाना क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव स्थित अल-हसनैन पब्लिक स्कूल में स्कूल के मुख्य गेट के ऊपर बनी कंक्रीट की छतरी अचानक गिर गई। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हुए हैं।

हादसा उस समय हुआ, जब ध्वजारोहण के बाद स्कूल में बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चे मुख्य गेट के ऊपर बनी छतरी पर चढ़ गए थे। बच्चों का वजन बढ़ने के बाद कंक्रीट की संरचना अचानक भरभराकर नीचे गिर गई।

मलबे में दबे बच्चे, मौके पर मची अफरा-तफरी

हादसा शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम देखने के लिए स्कूल में बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसी दौरान मुख्य गेट के ऊपर बनी छतरी अचानक गिर गई और कुछ बच्चे उसके मलबे में दब गए।

हादसे के बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 वर्षीय निजाम को मृत घोषित कर दिया।

घायल बच्चों की पहचान 11 वर्षीय सैफ अली, जो कक्षा 7 में पढ़ता है, और 10 वर्षीय शैदाना, जो कक्षा 5 का छात्र बताया गया है, के रूप में हुई है। दोनों को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

DM और SP समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही SDM, CO और SHO मौके पर पहुंच गए। इसके बाद करीब 11:25 बजे जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

संभल पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.