JPSC-JSSC Protest: लाठीचार्ज से भड़के छात्रों ने उठाई सोरेन के इस्तीफे की मांग, 20 को घेरेंगे CM आवास

Jharkhand Student Protest: झारखंड में JPSC-JSSC आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अपनी मांगों की अनदेखी से नाराज छात्रों ने अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग उठाई है। पिछले 21 दिनों से चल रहे आंदोलन के बीच JPSC-JSSC Reform Manch ने आंदोलन के अगले चरण का ऐलान भी कर दिया है।

सरकार पर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि अब आंदोलन गांधी के रास्ते पर नहीं, बल्कि भगत सिंह के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। वहीं मंच से जुड़े पीयूष कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों को ‘कीड़ा-मकोड़ा’ समझ रही है।

उन्होंने कहा कि अब छात्र ‘दिशोम गुरु’ के रास्ते पर चलकर अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से प्रदर्शन के बावजूद उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई है।

16 अगस्त को पुतला दहन, 20 को सीएम आवास घेराव

JPSC-JSSC Reform Manch ने आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रमों की घोषणा की है। मंच के मुताबिक, 16 अगस्त को पूरे झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की तैयारी है।

छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार में छात्रों की बात नहीं सुनी जा रही है तो राहुल गांधी को राज्य सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ खड़े रहने की बात कहकर उन्हें भ्रमित नहीं किया जाना चाहिए।

10 अगस्त को हुआ था पुलिस से टकराव

दरअसल, JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र पिछले 21 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। 10 अगस्त को बड़ी संख्या में छात्र रांची पहुंचे थे और विधानसभा घेराव का प्रयास किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज के साथ आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। कार्रवाई के दौरान कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई थी। इसके बाद आंदोलनकारी छात्रों में सरकार के खिलाफ नाराजगी और बढ़ गई।

अब छात्रों ने आंदोलन (JPSC-JSSC Protest)
को अगले स्तर पर ले जाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग जुड़ने के बाद Jharkhand Student Protest को लेकर राज्य की सियासत भी गरमाने के आसार हैं।

Also Read: जनगणना-2027 की तैयारियाँ तेज: पहली बार SC/ST के अलावा अन्य जातियों की भी होगी गणना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.