Siddharthnagar News: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
Siddharthnagar News: उतर प्रदेश जनपद सिद्धार्थनगर में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु सिद्धार्थनगर में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्सव एवं उल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह ने ध्वजारोहण कर विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं
समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात सेनानियों एवं बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए
उन्होंने वन्दे मातरम्, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को राष्ट्रीय चेतना, एकता तथा स्वतंत्रता संग्राम की गौरवपूर्ण विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए, जिससे उनकी प्रतिभा का सर्वांगीण विकास हो सके।

कुलपति ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत व्यावसायिक शिक्षा, सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों तथा बहु-प्रवेश एवं बहु-निर्गम व्यवस्था से विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार की बढ़ती संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी की प्रसिद्ध पंक्तियां-
“मुझे तोड़ लेना वनमाली, उस पथ पर देना तुम फेंक;
मातृभूमि पर शीश चढ़ाने, जिस पथ जाएँ वीर अनेक।”
उद्धृत करते हुए विद्यार्थियों से ज्ञान, अनुशासन, चरित्र और कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Vimal Elaichi Ad: शाहरुख-अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस, 15 दिन में देना होगा जवाब

