अयोध्या से 800 KM दूर घूस लेने पहुंचे पुलिसकर्मी, 2.80 लाख लेते ACB के चढ़े हत्थे

Ayodhya News: राजस्थान के सीकर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अयोध्या साइबर पुलिस के सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते पकड़ा है। आरोपियों के पास से 2.80 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। ये रकम सीकर के एक युवक से साइबर ठगी का केस रफा-दफा करने के नाम पर ली गई थी।

सीकर ACB के ASP विजय सिंह के अनुसार, परिवादी ने शिकायत की थी कि उसके खिलाफ वर्ष 2024 में अयोध्या साइबर थाने में शिकायत दर्ज हुई थी। आरोप है कि पुलिसकर्मी पहले ही 4 लाख रुपये ले चुके थे। इसके बाद केस खत्म कराने के लिए 4 लाख रुपये और मांगे गए। बाद में 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।

800 किमी दूर से लेने आए थे पैसे

अयोध्या साइबर पुलिस के SI यशवंत सिंह और कॉन्स्टेबल गौरव, सोहन और पवन त्रिपाठी करीब 800 किलोमीटर दूर से रिश्वत लेने सीकर पहुंचे थे। वे तीन दिन पहले यहां आए थे और रकम लेकर अयोध्या लौट रहे थे।

परिवादी की सूचना पर ACB ने सीकर-बीकानेर नेशनल हाईवे स्थित रसीदपुरा टोल पर जाल बिछाया। तलाशी में 2.80 लाख रुपये मिले। पूछताछ में आरोपी रकम का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

ACB की गाड़ी को मारी टक्कर

ACB के मुताबिक, रोकने के दौरान आरोपियों ने अपनी कार से टीम की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। हालांकि टीम ने चारों को पकड़ लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Also Read: यूपी में 77,400 से ज्यादा शिक्षक पद खाली, लखनऊ में AAP छात्रविंग का प्रदर्शन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.