लखनऊ: अवैध डेयरी पर कार्रवाई का विरोध पड़ा भारी, पुलिस टीम पर हमला करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

Lucknow News: लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में अवैध डेयरी, अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई का विरोध करना पांच आरोपियों को भारी पड़ गया। पुलिस ने 16 अगस्त को हुई घटना में वांछित चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को गदियाना बादल खेड़ा, बुद्धेश्वर इलाके में नगर निगम की टीम स्थानीय पुलिस के साथ अवैध रूप से संचालित डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम अवैध रूप से रखे गए पशुओं को जब्त करने और जुर्माना लगाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने एकजुट होकर विरोध शुरू कर दिया।

सरकारी वाहनों पर पथराव, पुलिस टीम पर हमला

आरोप है कि कार्रवाई से नाराज लोगों ने नगर निगम के सरकारी वाहनों पर पथराव कर उनके शीशे तोड़ दिए। पुलिसकर्मियों ने स्थिति नियंत्रित करने और उपद्रव कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने लाठी-डंडे और लोहे की जंजीर लेकर पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया।

घटना के संबंध में थाना पारा में मुकदमा संख्या 574/2026 दर्ज किया गया। इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ लोक संपत्ति निवारण अधिनियम और 7 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने दो महिला आरोपियों आफरीन और खुशबुन को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।

मुखबिर की सूचना पर पांच आरोपी दबोचे

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पारा थाना पुलिस ने गदियाना आदर्श विहार, बुद्धेश्वर क्षेत्र में दबिश देकर पांच वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सराफत अली, रिजवान, मोहम्मद सलामुद्दीन अली, शहाबुद्दीन और मोहम्मद इस्लाम के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने दूध के कारोबार के लिए अपने घरों पर बड़ी संख्या में भैंसें पालकर डेयरी संचालित करने की बात बताई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास डेयरी संचालन और पशुओं को रखने से संबंधित वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं थे। इससे पहले भी नगर निगम की ओर से अवैध पशुपालन और गंदगी फैलाने के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: लखनऊ में पुलिस पर हमले के बाद पारा में PAC तैनात, 200 भैंसें जब्त, मेयर बोलीं- खाली होगा इलाका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.