बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति होंगे मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, 255 वोट से जीते चुनाव

Bangladesh new President: बांग्लादेश ने गुरुवार को मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर (Mirza Fakhrul Islam Alamgir) को देश का 23वां राष्ट्रपति चुन लिया। BNP (Bangladesh Nationalist Party) के वरिष्ठ नेता आलमगीर ने संसदीय चुनाव में 255 वोट हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ओली अहमद को 88 वोट मिले। मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने उन्हें विजेता घोषित किया।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान दोपहर 2 बजे से शुरू हुआ। कुल 349 पात्र सांसदों में से 343 ने मतदान किया। ओली अहमद जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11-दलीय गठबंधन के उम्मीदवार थे।

35 साल बाद हुआ मुकाबले वाला राष्ट्रपति चुनाव

आलमगीर (Mirza Fakhrul Islam Alamgir) का चुनाव इसलिए भी अहम है क्योंकि बांग्लादेश में 1991 के बाद पहली बार राष्ट्रपति पद के लिए दो उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ है। इससे पहले कई चुनावों में राष्ट्रपति पद के लिए एक ही उम्मीदवार मैदान में रहा था।

आलमगीर राष्ट्रपति चुनाव में उतरने से पहले BNP के महासचिव और सरकार में स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास एवं सहकारिता मंत्री थे। उम्मीदवारी घोषित होने के बाद उन्होंने BNP के महासचिव और नेशनल स्टैंडिंग कमेटी से इस्तीफा दे दिया था।

राष्ट्रपति की भूमिका मुख्य रूप से संवैधानिक

Mirza Fakhrul Islam Alamgir करीब तीन दशक से बांग्लादेश की राजनीति में सक्रिय हैं और BNP में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। राष्ट्रपति पद देश का सर्वोच्च संवैधानिक पद है, लेकिन कार्यकारी शक्तियां मुख्य रूप से प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार के पास रहती हैं।

आलमगीर अब मोहम्मद शहाबुद्दीन (Mohammad Shahabuddin) की जगह राष्ट्रपति पद संभालेंगे। उनका शपथ ग्रहण शुक्रवार शाम होने की संभावना है।

Also Read: पाकिस्तान में भारतीय दूतावास के पास खंभे हटे, दिल्ली में पाक हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.