पुलिस एक्शन लेना चाहती थी, ऊपर वालों ने रोका’, पैलेट गन मामले में FIR दर्ज होने के बाद राहुल का बड़ा बयान
Rahul Gandhi Protest for Pellet Gun Victim: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल से घायल हुए छात्र साहिल लोचब (Sahil Lochab) के मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम हुआ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) साहिल के साथ संसद मार्ग स्थित DCP कार्यालय पहुंचे और मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
राहुल गांधी का कहना था कि जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, वह वहां से नहीं हटेंगे। करीब पांच घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली पुलिस ने साहिल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। इसके बाद राहुल गांधी ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
20 जुलाई के प्रदर्शन से जुड़ा है मामला
यह मामला 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में साहिल लोचब के घायल होने का आरोप लगाया गया था। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, जबकि इस मामले में पुलिस कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर जांच पहले से चल रही है।
साहिल की ओर से 14 अगस्त को पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की बात सामने आई थी। कांग्रेस का आरोप था कि शिकायत के बावजूद FIR दर्ज नहीं की जा रही थी। इसी को लेकर राहुल गांधी शुक्रवार को पहले पुलिस अधिकारियों से मिले और बाद में DCP कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
‘पुलिस FIR करना चाहती थी, ऊपर वालों ने रोका’
FIR दर्ज होने के बाद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा कि पुलिस कार्रवाई करना चाहती थी, लेकिन “ऊपर वालों” ने उसे रोक दिया। ऊपर का मतलब उनका इशारा मौजद सरकार के गृह मंत्री से था। उन्होंने FIR दर्ज होने को न्याय की दिशा में पहला कदम बताया। राहुल ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर प्रदर्शनकारियों पर इस तरह की कार्रवाई का आदेश किसने दिया था।
इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। BJP की ओर से Rahul Gandhi के धरने पर सवाल उठाए गए हैं और सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित हाई-पावर्ड कमेटी की जांच का हवाला दिया गया है। अब FIR दर्ज होने के बाद जांच में यह स्पष्ट किया जाना है कि प्रदर्शन के दौरान वास्तव में क्या हुआ और पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी किसकी थी।
Also Read: राहुल गांधी के धरने के बाद पैलेट गन केस में दर्ज हुई FIR, कौन हुआ नामजद?

