BTech Admission: यूपी में 74 हजार से ज्यादा सीटें खाली, स्पेशल राउंड-2 शुरू

AKTU BTech Admission 2026: उत्तर प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक की हजारों सीटें अभी खाली हैं। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) ने इन सीटों को भरने के लिए स्पेशल राउंड-2 काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी किया है। पहले स्पेशल राउंड में 35 हजार से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें 26 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को सीट आवंटित हुई।

विश्वविद्यालय की मुख्य पांच चरणों की काउंसलिंग में करीब 25 हजार छात्रों को प्रवेश मिला था। इसके बाद 74 हजार से अधिक खाली सीटों के लिए दो विशेष राउंड आयोजित किए जा रहे हैं।

कौन कर सकता है आवेदन

स्पेशल काउंसलिंग में वे अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने अब तक पंजीकरण नहीं कराया, जिन्हें सीट नहीं मिली या जिन्होंने ऑनलाइन अपनी सीट वापस ले ली है। पहले से सीट मिलने और उसे वापस नहीं लेने वाले छात्र इसमें आवेदन नहीं कर सकेंगे।

मुख्य काउंसलिंग में यूपी के छात्रों को प्राथमिकता के बाद स्पेशल राउंड में सभी राज्यों के अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। फिजिकल रिपोर्टिंग कर चुके छात्रों को चॉइस अपग्रेडेशन का विकल्प भी मिलेगा।

2 सितंबर को सीट अलॉटमेंट

स्पेशल राउंड-2 में रजिस्ट्रेशन 19 से 23 अगस्त 2026 तक होगा। दस्तावेज सत्यापन 20 से 24 अगस्त तक और फीस भुगतान 20 से 30 अगस्त तक किया जा सकेगा। चॉइस फिलिंग 23 से 30 अगस्त तक होगी। सीट आवंटन 2 सितंबर को होगा। इसके बाद छात्रों को 3 से 7 सितंबर तक संबंधित कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग करनी होगी। समय पर रिपोर्ट नहीं करने पर सीट रद्द हो जाएगी और फीस वापस नहीं मिलेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.