लखनऊ में भैंसों की नीलामी के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की करने वाले सपाइयों पर FIR, 11 नामजद
Lucknow News: नगर निगम मुख्यालय में 243 भैंसों की नीलामी के दौरान हुए हंगामे और सड़क जाम के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। लालबाग पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार की शिकायत पर हजरतगंज कोतवाली में सपा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस रजा समेत 11 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
नीलामी रोकने की कोशिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में 243 भैंसों की नीलामी चल रही थी। इसी दौरान अनीस रजा अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने नीलामी प्रक्रिया रोकने की कोशिश की और विरोध में मेन रोड पर जाम लगा दिया।
मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार, एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। कई लोगों को पुलिसकर्मी टांगकर वहां से ले गए।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी जनसमूह में शामिल होने, सरकारी आदेश का उल्लंघन, सरकारी काम में बाधा डालने, सार्वजनिक रास्ता रोकने और शांति भंग करने समेत BNS की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन और जाम से आम लोगों को परेशानी हुई।
FIR में अनीस रजा के अलावा सलीम, राजेश पांडेय उर्फ बिल्लू, अतुल यादव, तुषार श्रीवास्तव, कुलदीप पासवान, रोहित यादव, बावी धानुक, अबुल हाजिम, सुजीत और विवेक सिंह को नामजद किया गया है।
Also Read: कानपुर नगर निगम में टेंडर माफिया पर शिकंजा, 2 ठेकेदार गिरफ्तार, सरगना फरार

