उज्जैन महाकाल दर्शन को निकलीं यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की हादसे में मौत, मां ने भी तोड़ा दम

YouTuber Chhavi Varshney Accident: यूपी के हाथरस की रहने वाली 23 वर्षीय यू-ट्यूबर छवि वार्ष्णेय की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी मां सारिका (50) ने भी दम तोड़ दिया। दोनों सोमवार देर रात परिवार के साथ कार से उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए निकली थीं। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे मध्य प्रदेश के आगर मालवा में उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी।

कार में सवार थे 5 लोग

हादसा उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास हुआ। कार में छवि, उनकी मां सारिका, पिता श्यामलाल (54), रिश्तेदार सूरजपाल और ड्राइवर सचिन सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट संदीप गोस्वामी और अमरीश मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर बड़ौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने छवि और उनकी मां को मृत घोषित कर दिया। पिता, रिश्तेदार और ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

7 लाख से ज्यादा थे YouTube सब्सक्राइबर

छवि ने 2021 में YouTube चैनल शुरू किया था। शुरुआत में वह डेली लाइफ और व्लॉग से जुड़े वीडियो बनाती थीं। बाद में उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग समेत अन्य वीडियो भी बनाए। उनके चैनल पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर और Instagram पर एक लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।

उनके चेचेरे भाई सचिन वार्ष्णेय ने बताया कि छवि पढ़ाई में भी अच्छी थीं और हमेशा कुछ अलग करने की कोशिश करती थीं। परिवार भी उनके काम में पूरा सहयोग करता था।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.