दो साल का प्रेम, फिर ब्लैकमेलिंग के बाद निकाह, तीन दिन में मोबाइल पर हुआ तलाक
Amroha News: यूपी के अमरोहा में प्रेम प्रसंग, ब्लैकमेलिंग और निकाह का मामला महज तीन दिन में तलाक तक पहुंच गया। शहर के एक मोहल्ले में रहने वाले कारोबारी के बेटे का दूसरे मोहल्ले की युवती से करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और युवक युवती का खर्च भी उठाता था। इसी दौरान दोनों के निजी फोटो और वीडियो भी युवती के मोबाइल में बताए गए।
शादी का दबाव और ब्लैकमेलिंग का आरोप
करीब एक महीने पहले युवक के परिवार ने उसकी शादी कारोबारी पार्टनर की बेटी से कराने की बातचीत शुरू की। इसकी जानकारी मिलने पर प्रेमिका ने युवक पर उससे शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि युवती ने शादी नहीं करने पर निजी फोटो और वीडियो पुलिस को देने तथा दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी।
इसके बाद युवक ने परिवार को पूरी बात बताई। दोनों पक्षों के बीच करीब 15 दिन तक पंचायत चली। आखिरकार 19 अगस्त को दोनों का निकाह करा दिया गया।
पुराने दो अफेयर सामने आए तो टूटा रिश्ता
निकाह के बाद युवक को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी के पहले भी दो अन्य युवकों से प्रेम संबंध रह चुके हैं। पहले उसने विश्वास नहीं किया, लेकिन कथित तौर पर कुछ सबूत देखने के बाद वह पत्नी को मायके छोड़ आया।
इसके बाद युवक ने मोबाइल पर तलाक दे दिया। फिलहाल दोनों परिवारों के बीच विवाद सुलझाने के लिए पंचायत चल रही है। बताया जा रहा है कि पैसों के लेनदेन से मामला खत्म करने की कोशिश हो रही है। अभी किसी भी पक्ष ने पुलिस में शिकायत नहीं दी है।
Also Read: उज्जैन महाकाल दर्शन को निकलीं यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय की हादसे में मौत, मां ने भी तोड़ा दम

