चंदौली में कार के सीक्रेट बॉक्स से निकला 3.92 करोड़ का सोना, 22 बिस्किट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Chandauli Gold Smuggling: चंदौली में पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 (NH-19) पर चेकिंग के दौरान सोने की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम ने एक कार से 2 किलो 565 ग्राम सोने के 22 बिस्किट बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने कार सवार दो युवकों जुबेर और मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों बिहार से सोने की खेप लेकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
गियर बॉक्स के नीचे बना था सीक्रेट बॉक्स
चंदौली (Chandauli) कोतवाली पुलिस को मंगलवार शाम सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध सोना लेकर बिहार की तरफ से नेशनल हाईवे-19 से गुजरने वाले हैं। इसके बाद पुलिस और एसओजी ने नवही पुलिया के पास चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, कार सवार युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
कार की गहन तलाशी ली गई तो गियर बॉक्स के नीचे एक अलग से छोटा सीक्रेट बॉक्स बना मिला। इसे खोलने पर पुलिस को सोने के बिस्किट दिखाई दिए। जांच और तौल के बाद इनकी संख्या 22 और कुल वजन 2.565 किलो निकला।
आयकर विभाग भी जांच में शामिल
पुलिस ने बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये बताई है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी गई है। पुलिस और आयकर विभाग की टीमें अब सोने के स्रोत, इसे दिल्ली ले जाने की वजह और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।
डिप्टी एसपी नामेंद्र कुमार के मुताबिक, सूचना के आधार पर नवही पुलिया के पास संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें करीब ढाई किलो पीली धातु मिली। आयकर विभाग के साथ जांच में इसकी पुष्टि 22 सोने के बिस्किट के रूप में हुई। दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार जुबेर महाराष्ट्र के सांगली/अहिल्या नगर क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि मनीष हरियाणा के फतेहाबाद का निवासी बताया गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से आया और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।
Also Read: 35 हजार निवेशकों से 500 करोड़ की ठगी, UP के दो भाइयों को STF ने दबोचा, डेढ़ साल से थे फरार

