लखनऊ में 68,500 शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य के आवास का किया घेराव

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह 68,500 शिक्षक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया। नाराज अभ्यर्थियों ने सुबह करीब 8 बजे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सरकारी आवास का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का पालन करते हुए आरक्षण विसंगति को दूर किया जाए और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी वार्ता कराई जाए।

आरक्षण में विसंगति का आरोप

आंदोलनरत अभ्यर्थियों का दावा है कि 68,500 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रेणी के अभ्यर्थियों को मिलने वाली 5 प्रतिशत की छूट का लाभ नहीं दिया गया। अभ्यर्थियों के अनुसार, इन वर्गों को अनारक्षित श्रेणी में रखकर उनके अधिकारों का हनन किया गया है। उनकी मांग है कि भर्ती विज्ञापन में आवश्यक संशोधन कर संशोधित परिणाम जारी किए जाएं और पात्र अभ्यर्थियों को तुरंत नियुक्ति पत्र दिए जाएं।

पुलिस ने अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा

डिप्टी सीएम आवास के बाहर भारी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों के जमावड़े को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने मौके से अभ्यर्थियों को हटाकर बसों में बैठाया और ईको गार्डन धरना स्थल भेज दिया। अभ्यर्थियों ने पुलिस पर जबरन गिरफ्तारी का आरोप लगाया है।

8 सालों से संघर्ष कर रहे अभ्यर्थी अजय कुमार ने बताया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश को लागू करने के लिए वे लगातार मुख्यमंत्री से मिलने की गुहार लगा रहे हैं। वहीं उन्नाव से आए अभ्यर्थी शिवेश सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा मंत्री की ओर से आश्वासन मिला था कि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री स्तर से ही होगा, इसलिए वे सीएम योगी से मुलाकात कर न्याय की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल महिला अभ्यर्थियों ने भी सीएम से सीधी वार्ता और समस्या के त्वरित समाधान की मांग दोहराई है।

Also Read: आजमगढ़ में शादी के बाद दूल्हे को रास्ते में कार से उतारा, जेवर-नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.