महराजगंज में 10वीं के 2 छात्रों ने डूब रही महिला की बचाई जान, SP ने सम्मान का किया ऐलान

Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज में 10वीं कक्षा के दो छात्रों ने साहस की मिसाल पेश की है। शुक्रवार को एक महिला ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर नारायणी नहर में छलांग लगा दी। महिला को डूबता देख वहां से गुजर रहे कृष्ण गुप्ता और सद्दाम हुसैन ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी। दोनों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना निचलौल-सिसवा मार्ग पर नारायणी नहर के सात पांच पुल के पास हुई। कृष्ण गुप्ता सेखुई गांव और सद्दाम हुसैन कोहड़वल गांव के रहने वाले हैं। दोनों मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में 10वीं के छात्र हैं। इन दिनों नेपाल में बाढ़ के कारण नहर का बहाव भी तेज बताया जा रहा है। इसके बावजूद छात्रों ने महिला को बचाने में सफलता हासिल की।

पारिवारिक विवाद के बाद उठाया कदम

पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला की उम्र करीब 30 वर्ष है। वह कोठीभार थाना क्षेत्र के जहदा गांव की रहने वाली है और उसकी ससुराल छितौना-निचलौल में है। पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया था। सूचना मिलने पर महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए।

SP और स्कूल करेंगे सम्मानित

महराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों छात्रों की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृष्ण और सद्दाम को सार्वजनिक रूप से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि दूसरे लोग भी संकट में मदद के लिए आगे आएं।

कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर प्रवीण पुलिंथनाथ ने भी छात्रों पर गर्व जताया। उन्होंने दोनों को स्कूल की असेंबली में सम्मानित करने की घोषणा की है। क्षेत्र में दोनों छात्रों के साहस की चर्चा हो रही है।

Also Read: आजमगढ़ में शादी के बाद दूल्हे को रास्ते में कार से उतारा, जेवर-नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.