चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को दिया पार्टी में आने का न्योता, बोले- छोटे भाई के लिए दरवाजे खुले
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के चीफ चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन समाज पार्टी के नेता आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का खुला ऑफर दिया है। चंद्रशेखर ने आकाश आनंद को अपना छोटा भाई करार देते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन को पूरा करने के लिए वे मिलकर काम कर सकते हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने स्पष्ट किया कि आकाश आनंद भले ही मंचों से उनकी कितनी भी आलोचना करते रहे हों, लेकिन उनके दिल में उनके प्रति छोटे भाई वाला ही सम्मान और प्रेम है। उन्होंने कहा कि बीएसपी में भले ही आकाश के लिए रास्ते बंद कर दिए गए हों, पर आजाद समाज पार्टी के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले रहेंगे। अगर वे साथ आते हैं, तो दलित व बहुजन महापुरुषों के अधूरे सपनों और मिशन को मिलकर आगे बढ़ाया जाएगा।
बाबा साहब के मिशन से जुड़ने वाले हर शख्स का स्वागत
भीम आर्मी चीफ ने कहा कि आजाद समाज पार्टी पूरी तरह से खुले दिल के साथ राजनीति कर रही है। जो भी नेता या कार्यकर्ता बाबा साहब आंबेडकर के विचारों और उनके आंदोलन को आगे ले जाने में विश्वास रखता है, पार्टी में उसका स्वागत है।
गौरतलब है कि बसपा सुप्रीमों मायावती द्वारा आकाश आनंद को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाने और राजनीतिक तौर पर किनारे किए जाने के बाद यह राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। मायावती के हालिया रुख से स्पष्ट है कि बीएसपी में परिवार के किसी भी सदस्य की वापसी अब आसान नहीं है।
Also Read: इग्नू में मेगा जॉब ड्राइव, 200+ भर्तियां और 35 हजार तक सैलरी, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

