सहारनपुर में गर्लफ्रेंड से मिलने गए प्रेमी को उल्टा लटकाकर पीटा, छोड़ने के नाम पर 5 लाख लेने का आरोप
Saharanpur News: सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे युवक को उसके परिजनों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे रस्सी से बांधकर उल्टा लटकाया गया और करीब आधे घंटे तक पीटा गया। बाद में युवक को खंभे से भी बांध दिया गया। घटना का वीडियो शनिवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक
पीड़ित युवक मिर्जापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार रात यानी 9 सितंबर को पास के कासिमपुर गांव में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। इसी दौरान युवती के घरवालों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि पहले युवक को रस्सी से बांधा गया और फिर उल्टा लटकाकर मारपीट की गई। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया।
युवक जब पूरी रात घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने तलाश शुरू की। जानकारी मिलने पर वे कासिमपुर पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई।
5 लाख रुपये लेने का आरोप
पीड़ित पक्ष का दावा है कि युवक को छोड़ने और विवाद खत्म करने के बदले 5 लाख रुपये मांगे गए। आरोप है कि इसमें 3 लाख रुपये युवती के परिजनों और 2 लाख रुपये बिचौलियों ने लिए। समझौते की बातचीत के बावजूद युवक को बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वीडियो के आधार पर जांच
पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। आरोप है कि वीडियो सामने आने के बाद भी तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पीड़ित को सहारनपुर बुलाकर जानकारी ली जा रही है। मिर्जापुर थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच में आरोप सही पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को दिया पार्टी में आने का न्योता, बोले- छोटे भाई के लिए दरवाजे खुले

