अमित शाह ने किया ऐलान, 17 सितंबर से पूरे देश में चलेगा सेवा संकल्प अभियान

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान का औपचारिक ऐलान किया। गृह मंत्री ने बताया कि यह विशेष अभियान 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर अगले एक महीने तक यानी 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे देश में चलाया जाएगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी घटक दल, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और अनेक स्वयंसेवी संगठन मिलकर इस अभियान को देश के हर जिले, लोकसभा, विधानसभा और बूथ स्तर तक ले जाएंगे।

जनसेवा के लगातार 25 साल पूरे होने का ऐतिहासिक अवसर

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि इस वर्ष का सेवा अभियान इसलिए भी खास है क्योंकि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बतौर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जनसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा, भारतीय राजनीति में ऐसे नेता बहुत कम हुए हैं जिन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्षों तक शासन और जनसेवा का निर्बाध रिकॉर्ड बनाया हो। जनता के भरोसे की कसौटी पर बार-बार खरे उतरते हुए 25 सालों से कल्याणकारी शासन का यह यज्ञ चलाना एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि है।

2014 के बाद देश में कामकाज आधारित राजनीति की शुरुआत

विगत 12 वर्षों के प्रशासनिक परिवर्तन का उल्लेख करते हुए अमित शाह ने कहा कि 2014 से पहले भारत की राजनीति भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद के चक्रव्यूह में उलझी हुई थी। 2014 से 2026 के कालखंड में देश इन बेड़ियों से मुक्त होकर परफॉर्मेंस और कामकाज पर आधारित राजनीति के युग में प्रवेश कर चुका है।

Also Read: दिल्ली के धरमशीला अस्पताल के पास गोदाम में भीषण आग, धुएं का गुबार देख मची अफरा-तफरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.