BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, CM आवास घेराव करने की कोशिश
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। मूसलाधार बारिश की परवाह किए बिना सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं एकजुट हुए और नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकल पड़े। जैसे ही छात्रों का जत्था जेपी गोलंबर के समीप पहुंचा, पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।
बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस ने खदेड़ा
सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाने पर उग्र छात्रों ने सड़क पर लगाई गई बैरिकेडिंग को उखाड़ फेंका और आगे बढ़ने का प्रयास किया। स्थिति को अनियंत्रित होता देख पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। हालांकि, पुलिस की सख्ती के बावजूद छात्रों का हौसला कम नहीं हुआ है और वे वैकल्पिक मार्गों से होकर सीएम आवास तक पहुंचने की रणनीति पर अड़े हुए हैं।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें
सड़कों पर उतरे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में 70वीं BPSC परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द करना शामिल है। इसके अलावा, वे दरोगा भर्ती परीक्षा में सामने आईं कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने और BSSC (बिहार कर्मचारी चयन आयोग) की भर्ती प्रक्रिया से संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) वेटेज व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन पूरे इलाके में मुस्तैदी से नजर बनाए हुए है।
Also Read: IND vs AFG दूसरा टी20 आज, टीवी से मोबाइल तक ऐसे देखें भारत-अफगानिस्तान मैच LIVE

