आजम खान की रिहाई की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर सपा कार्यकर्ता ने भरी हुंकार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। रविवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अचानक दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुटे और पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर आजम खान की तुरंत रिहाई और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 कमरों को गिराने के आदेश को वापस लेने की मांग लिखी हुई थी।

राजनीतिक गलियारों में इस प्रदर्शन की खासी चर्चा है, क्योंकि बीते लंबे समय में यह पहला मौका है जब समाजवादी पार्टी ने आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के समर्थन में दिल्ली के केंद्र में इस तरह का कोई बड़ा विरोध-प्रदर्शन किया हो। प्रदर्शन में शामिल एक सपा कार्यकर्ता ने बताया कि 20 सितंबर को प्रदर्शन आयोजित करने के लिए प्रशासन से औपचारिक अनुमति ली गई थी। हालांकि, जब कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो दिल्ली पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर दी और पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ा दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का फैसला किया।

सपा कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगें

रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी के 38 कमरों को ढहाने के प्रशासनिक आदेश को तुरंत निरस्त किया जाए। आजम खान पर दर्ज सभी मुकदमों की निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के एक सेवानिवृत्त/वर्तमान जज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया जाए। एसआईटी 3 से 4 महीने के भीतर अपनी जांच और सुनवाई पूरी करे।

सपा समर्थकों ने पूरा भरोसा जताया कि निष्पक्ष जांच होने पर आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को सभी फर्जी मामलों में अदालत से राहत मिलेगी और वे पूरी तरह बरी होंगे।

Also Read: सीएम योगी ने यूपी पुलिस में 912 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- अगले 6 महीने में देंगे 1 लाख और सरकारी नौकरियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.