UP चुनाव से पहले ओवैसी का खुला ऑफर, BJP को रोकने के लिए गठबंधन पर साफ किया रुख

Asaduddin Owaisi Alliance Offer: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उन दलों के साथ काम करने के लिए तैयार है, जो उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की लगातार तीसरी सरकार नहीं चाहते।

ओवैसी ने कहा कि किसी एक विपक्षी दल के लिए अकेले BJP को रोकना आसान नहीं होगा। उन्होंने समान विचार वाले दलों को बातचीत के लिए आगे आने का न्योता दिया। हालांकि, उन्होंने किसी एक पार्टी का नाम लेकर औपचारिक गठबंधन का ऐलान नहीं किया है।

बिहार का उदाहरण देकर बताई गठबंधन की शर्त

AIMIM प्रमुख ने बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने वहां भी विपक्षी दलों से गठबंधन की अपील की थी। उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने RJD, कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियों के नेताओं को पत्र लिखकर गठबंधन के तहत छह सीटों की मांग रखी थी, लेकिन प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया।

ओवैसी ने कहा कि यूपी में भी उनकी पार्टी गठबंधन के लिए तैयार है और इस संबंध में बातचीत का रास्ता खुला है। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन हो या न हो, AIMIM अपना संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारी जारी रखेगी।

यूपी में AIMIM की अपनी तैयारी भी तेज

Asaduddin Owaisi के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में AIMIM का संगठन पहले की तुलना में मजबूत हुआ है और पार्टी के नेता जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं। सितंबर के दौरान वह कानपुर, श्रावस्ती और आजमगढ़ समेत कई इलाकों में जनसभाएं करने वाले हैं। पार्टी छोटे दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर भी काम कर रही है।

इससे पहले जून में AIMIM ने यूपी में करीब 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का संकेत दिया था और BSP के साथ गठबंधन की संभावना भी खुली रखी थी।

राज्य की राजनीति में AIMIM की सक्रियता का असर मुख्य रूप से मुस्लिम मतदाताओं के बीच उसकी संभावित चुनावी भूमिका को लेकर चर्चा में है। हालांकि, 2027 में पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और किन दलों के साथ गठबंधन करेगी, इस पर अभी अंतिम तस्वीर साफ नहीं है।

Also Read: हामिद अंसारी के बयान पर भड़के CM योगी, बोले- ‘भारतीय संस्कृति के लिए बेहद खतरनाक बात’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.