फतेहाबाद के BJP विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन, नोएडा में इलाज के दौरान हुई मौत

Chhotelal Verma Death: आगरा की फतेहाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का गुरुवार को निधन हो गया। वह पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे और तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आगरा से नोएडा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के मुताबिक, तबीयत खराब होने के बाद छोटेलाल वर्मा को आगरा के राजपुर चुंगी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेटे महेंद्र वर्मा के अनुसार, डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की काफी कोशिश की और CPR भी दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

CM योगी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने विधायक Chhotelal Verma के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन अत्यंत दुखद है और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिले। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी परिजनों से बात कर संवेदना व्यक्त की।

फतेहपुर सीकरी से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने भी उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि विधायक पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे और हालत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

चार बार विधायक रहे Chhotelal Verma

छोटेलाल वर्मा ने 1993 में भाजपा (BJP) के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी और फतेहाबाद से पहली बार विधायक बने। बाद में उन्होंने बसपा का रुख किया और 2002 तथा 2012 में बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए। वर्ष 2016 में उन्होंने भाजपा में वापसी की। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर फतेहाबाद सीट से चौथी बार जीत दर्ज की और 53 हजार से अधिक वोटों के अंतर से चुनाव जीता।

Also Read: विवादों के बीच CEC ज्ञानेश कुमार का UP दौरा रद्द, मेरठ-वाराणसी में Gen-Z से होना था संवाद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.