इकरा हसन के बयान पर इमरान मसूद का पलटवार, न करें गठबंधन, हम भीख नहीं मांग रहे

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर तनातनी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा सांसद इकरा हसन के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बिना गठबंधन कांग्रेस कुछ हासिल नहीं कर पाएगी।

एक समाचार एजेंसी से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा, गठबंधन न करें, कौन कह रहा है? हम क्या किसी से भीख मांग रहे हैं? जिसको जो करना है, वह करे। जब बारात चढ़ती है, तो बहुत सारे ढोल बजाने वाले भी होते हैं, नाचने-गाने वाले भी होते हैं। इन नाचने-गाने वालों को नाचने-गाने दीजिए। हम अपने काम पर लगे हुए हैं।

शिवपाल यादव के बयान पर कांग्रेस सांसद की प्रतिक्रिया

सपा विधायक शिवपाल यादव के बयान पर इमरान मसूद ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत सोच हो सकती है। कांग्रेस अपने काम पर लगी हुई है। शिवपाल यादव जो बात कह रहे हैं, वह पार्टी के अंदर ही अप्रासंगिक हो गए हैं। अगर वह अपने नेता से यह बात कहेंगे, तब उसके ऊपर कोई मायने होंगे, इसके अलावा कोई मायने नहीं हैं।

ढोल बजाने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ता

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि बहुत सारे लोग बहुत सारी बातें बोलते रहते हैं, इससे फर्क नहीं पड़ता है। हमारे यहां भी बहुत सारे लोग इधर-उधर की बातें करते रहते हैं। जब बारात चढ़ती है ना, बहुत सारे ढोल बजाने वाले आते हैं, तो ढोल बजाने वालों से कोई फर्क नहीं पड़ता है। इससे पहले शिवपाल सिंह यादव ने एक बयान में कहा था कि कांग्रेस को वोट नहीं मिलने है।

कांग्रेस के बयान से इंडिया गठबंधन को नुकसान

समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयानों से इंडिया गठबंधन आहत होता है। उन्होंने आईएएनएस से कहा, कांग्रेस के कुछ नेता ऐसे बयान देते हैं, जिससे इंडिया गठबंधन आहत होता है और भारतीय जनता पार्टी को लाभ देने वाले बयान कांग्रेस की ओर से आते रहे हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी का गठबंधन राहुल गांधी और अखिलेश यादव तय करेंगे, लेकिन कांग्रेस पार्टी के नेताओं के जो बेतुके बयान आ रहे हैं, यह केवल दबाव बनाने के लिए आते हैं। कांग्रेस यूपी-बिहार में कितना पानी में है, यह जगजाहिर है।

Also Read: SC-ST सांसदों को संसद में ज्यादा बोलने का समय मिले, जीतन राम मांझी ने ओम बिरला को लिखा पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.