जेन-जी के भजन क्लबिंग में भक्ति भाव में डूबे पीएम मोदी, युवाओं संग थिरकने का वीडियो किया शेयर
Sandesh Wahak Digital Desk: शुक्रवार शाम देश की राजधानी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बेहद अनोखा और अलग रूप देखने को मिला। दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में युवाओं द्वारा आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में पीएम मोदी खास तौर पर पहुंचे। मंच के ठीक सामने पहली पंक्ति में बैठकर वे न केवल युवाओं के साथ भक्ति गीतों का आनंद लेते दिखे, बल्कि पूरे उत्साह के साथ ताली और खंजरी बजाते भी नजर आए।
इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ वीडियो
प्रधानमंत्री ने इस खास पल का वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्या इसे देखते हुए आपने अपने पैर थपथपाए?” गौरतलब है कि ‘भजन क्लबिंग’ आजकल की युवा पीढ़ी (Gen-Z) के बीच तेज़ी से लोकप्रिय हो रहा एक नया आध्यात्मिक रुझान है। इसमें पारंपरिक भजनों व कीर्तनों को मॉडर्न म्यूजिक और नए अंदाज के साथ पेश किया जाता है, जिससे युवा अपनी संस्कृति से जुड़ सकें।
वीडियो देखने के लिएं क्लिक करें
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर खास आयोजन
यह अनोखा आयोजन भारतीय जनसंघ के संस्थापक नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ (ट्विटर) के जरिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन किया था। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का उनका दर्शन समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करता है और आज भी जनकल्याणकारी नीतियों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने की अपील
पीएम मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया कि इस विशेष अवसर पर हम उनके विचारों व आदर्शों को आत्मसात करें तथा अपने सामाजिक और राष्ट्रीय कर्तव्यों को निष्ठा से पूरा करने का संकल्प लें। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (जन्म: 25 सितंबर 1916) आरएसएस के वरिष्ठ विचारक थे, जिन्होंने सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए 1940 के दशक में ‘राष्ट्र धर्म’ पत्रिका की शुरुआत की थी।
Also Read: बैंक हड़ताल के बीच ग्राहकों को राहत, 28 से 30 सितंबर तक खुले रहेंगे सहकारी बैंक

