संतकबीरनगर में बारिश से ढही मिट्टी की दीवार, छप्पर के नीचे दबकर मासूम समेत 4 लोग घायल

Sant Kabir Nagar News: संतकबीरनगर के महुली थाना क्षेत्र के चेरापुर गांव में शनिवार देर शाम मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। कच्ची मिट्टी की दीवार के सहारे बना रिहायशी छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। मलबे में दबने से मासूम समेत चार लोग घायल हो गए।

चेरापुर निवासी निर्धन दुर्गाशंकर पुत्र श्रीपत मिट्टी की दीवार पर छप्पर डालकर परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य सो गए थे। इसी दौरान लगातार तेज बारिश के बीच अचानक दीवार गिर गई। उसके ऊपर रखा छप्पर भी नीचे आ गिरा।

ग्रामीणों ने मलबे से निकाला

छप्पर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दुर्गाशंकर, उनके पिता श्रीपत, पत्नी रंगीला देवी और मासूम सनवीर घायल हुए। सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया।

गृहस्थी का सामान नष्ट, प्रशासन से मदद की मांग

दीवार और छप्पर गिरने से घर में रखा खाद्यान्न, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी गई। ग्रामीणों के अनुसार रविवार अपराह्न तक कोई राजस्व कर्मी, लेखपाल मौके पर नहीं पहुंचा। इससे पीड़ित परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर जल्द आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Also Read: Meerut News: दहेज में कार न मिलने पर चावल में जहर देने का आरोप, नवविवाहिता की मौत, पति समेत 5 गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.