युवाओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, लखनऊ में छात्र नेताओं संग बैठक में बोले अजय राय
Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को लखनऊ में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के वर्तमान व पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों और छात्र नेताओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर-5 स्थित द वेनेशन गार्डन में आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने की। प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम मुख्य वक्ता और एआईसीसी सचिव-सहप्रभारी अब्दुल हन्नान वक्ता के तौर पर मौजूद रहे।

युवाओं की भागीदारी पर जोर
राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि देश और प्रदेश के भविष्य को दिशा देने में युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज सुनकर उनके विचारों को समझना और उन्हें लोकतांत्रिक व सामाजिक भागीदारी का अवसर देना प्राथमिकता होनी चाहिए। उनके मुताबिक संवाद से विचार, विचार से भागीदारी और भागीदारी से परिवर्तन का संकल्प है।
अजय राय ने कहा कि छात्रों और छात्र नेताओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की लड़ाई कांग्रेस की अपनी लड़ाई है। उत्पीड़न होने पर पार्टी उनके अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए मजबूती से साथ खड़ी रहेगी।
बारिश के बीच सैकड़ों लोगों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
इसी दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व मंत्री और शिया कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष इजहारूल हक, नानपारा-बहराइच के पूर्व प्रत्याशी हाजी रशीद खान, नईम अहमद समेत सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। आगरा विश्वविद्यालय के पूर्व सपा छात्रसभा नेता डॉ. मदन मोहन शर्मा भी पार्टी में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों का जुड़ना राजनीतिक माहौल में बदलाव का संकेत है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता के खिलाफ प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन की बात भी कही।
Also Read: भगत सिंह जयंती पर AAP का यूपी में रक्तदान अभियान, सभी जिलों में लगाए गए शिविर

