LPU में फिर बवाल, छात्रों ने गेट तोड़ा, जालंधर में हजारों ने हाईवे किया जाम, पुलिस से नहीं बनी बात
LPU Student Protest Punjab: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में रविवार शाम एक बार फिर छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। हॉस्टल की ओर जाने वाले रास्ते पर यूनिवर्सिटी की बाउंड्री वॉल में लगे गेट बंद किए जाने के बाद छात्र भड़क गए। बड़ी संख्या में छात्र गेट के पास जुटे और धक्का-मुक्की के बीच उसे जबरन खुलवाने की कोशिश की। इस दौरान एक गेट टूटने की भी जानकारी सामने आई।
हंगामे की सूचना के बाद पंजाब पुलिस का भारी बल कैंपस में तैनात किया गया। पुलिस और छात्रों के बीच हाईवे खाली कराने को लेकर भी सहमति नहीं बन सकी। फिलहाल हजारों की संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के बाहर नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
पुलिस बोली, बल प्रयोग नहीं करना चाहते
मौके पर मौजूद DSP ओंकार सिंह बराड़ ने कहा कि पुलिस छात्रों पर बल प्रयोग नहीं करना चाहती और बातचीत के जरिए स्थिति संभालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि छात्र कई सवाल उठा रहे हैं और पुलिस उनकी बात सुन रही है। हाईवे पर बैठे छात्रों को भी समझाकर हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यातायात और कानून-व्यवस्था सामान्य हो सके।
छात्र एक कथित रेप पीड़िता से जुड़े आरोप भी उठा रहे हैं। DSP के मुताबिक, छात्रों की शिकायतों के आधार पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस कथित पीड़िता का पता लगाने और मामले की वास्तविकता की जांच कर रही है।
SIT में छात्रों को भी किया गया शामिल
पुलिस के अनुसार, जांच के लिए गठित SIT में छात्रों को भी शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे खोलने के लिए पुलिस ने पांच छात्रों की एक कमेटी बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, इन छात्रों को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया गया था। बाद में जब ये पांचों छात्र हाईवे पर मौजूद भीड़ को जानकारी देने पहुंचे तो हजारों प्रदर्शनकारियों ने उनकी बात स्वीकार नहीं की। इसके चलते हाईवे खोलने पर सहमति नहीं बन सकी।
फिलहाल LPU के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और अधिकारी छात्रों से बातचीत के जरिए स्थिति शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता हाईवे पर यातायात बहाल करना और कैंपस में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
Also Read: अंबाला में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरा, 4 मजदूरों की मौत, 30 के दबे होने की आशंका

