हार की समीक्षा करने की जगह संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही कांग्रेस: ईरानी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2019 में कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष ने खुले तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को नुकसान पहुंचाने की बात कही थी। इस पर प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया था कि उन पर व्यक्तिगत कटाक्ष स्वीकार्य हैं, लेकिन इस राजनीतिक लड़ाई की गाज देश की लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक ढांचों पर नहीं गिरनी चाहिए।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस अपनी लगातार हो रही चुनावी हार पर आत्ममंथन करने के बजाय चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संस्थाओं पर ठीकरा फोड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों में, जहां भाजपा सत्ता में नहीं है, क्या कांग्रेस वहां भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाती है या उसे क्लीन चिट देती है? स्मृति ईरानी ने कहा कि चुनाव आयोग भारत के जीवंत लोकतंत्र का प्रतीक है, जिसकी सराहना पूरी दुनिया में की जाती है।

वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण पर कांग्रेस की आपत्ति पर घेरा

जब चुनाव आयोग स्वयं फर्जी और मृत मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की प्रक्रिया चला रहा है, तो कांग्रेस इस पर आपत्ति क्यों जता रही है? स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चाहती है कि फर्जी और डुप्लीकेट वोटरों के नाम मतदाता सूची में बने रहें। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस को समर्थन नहीं दे रही है, और इसी बौखलाहट में वह लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख पर हमले कर रही है।

इतिहास के पन्नों से कांग्रेस के गठन पर तंज

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्मृति ईरानी ने कांग्रेस द्वारा लाहौर अधिवेशन का उल्लेख किए जाने पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस इतिहास खंगालना चाहती है, तो उसे देश की जनता के सामने यह सच भी रखना चाहिए कि किस तरह एओ ह्यूम ने ब्रिटिश हुकूमत को बचाने और ब्रिटिश साम्राज्य के संरक्षण के लिए कांग्रेस पार्टी की नींव रखने का सुझाव वायसराय को दिया था।

Also Read: CWC की बैठक में राहुल गांधी बोले- PM मोदी खुद करवाएंगे मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.