गोरखपुर में जनता दर्शन, CM योगी की अफसरों को दो टूक, लापरवाही पर होगा एक्शन

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात के दौरान उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

सीएम ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। हर शिकायत का निस्तारण समय पर, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जमीन कब्जे और इलाज के मामलों पर निर्देश

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने हुए जनता दर्शन में सीएम खुद लोगों के पास पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि घबराने की जरूरत नहीं है, समस्या का समाधान कराया जाएगा। प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजकर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों और कमजोर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोगों के मामलों में मेडिकल एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए।

बारिश से हुए नुकसान की भी ली जानकारी

इससे पहले सोमवार को सीएम योगी ने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की थी। उन्होंने आंधी-बारिश से हुए नुकसान की जानकारी लेकर प्रभावित लोगों को जल्द राहत देने को कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावित बिजली व्यवस्था को 24 घंटे में ठीक करने के निर्देश दिए।

मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोसेवा भी की। उन्होंने गायों, गोवंश और नंदी को गुड़ खिलाया तथा गोशाला कर्मियों को बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।

Also Read: यूपी के हुक्का बारों पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने लगाई रोक, स्मोकिंग एरिया में भी सेवा देने पर प्रतिबंध 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.