लखीमपुर में एडीएम ने निघासन-सिंगाही के विकास कार्यों का लिया जायजा, दिए निर्देश

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में मंगलवार को एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने निघासन और सिंगाही नगर पंचायत क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और आम लोगों के लिए उनकी उपयोगिता की जांच की। निरीक्षण के दौरान संबंधित निकायों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

सबसे पहले एडीएम ने नगर पंचायत निघासन की डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। छात्रों द्वारा लाइब्रेरी का बढ़-चढ़कर इस्तेमाल किए जाने पर उन्होंने अध्ययन के लिए उपलब्ध संसाधनों को भी देखा।

मंदिर और बारातघर के काम की जांच

इसके बाद एडीएम ने निघासन के हनुमानगढ़ी मंदिर में वंदन योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर काम की प्रगति और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।

एडीएम ने पटेल नगर वार्ड में बनाए गए बारातघर का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने निर्माण और लोगों के उपयोग से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा।

सिंगाही के शिव मंदिर में भी पहुंचे

निरीक्षण के अगले चरण में एडीएम सिंगाही नगर पंचायत पहुंचे। यहां उन्होंने वंदन योजना के तहत शिव मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य को देखा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से और समय पर पूरे किए जाएं। एडीएम ने कहा कि विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का मकसद आमजन को बेहतर सुविधाएं देना और स्थानीय स्थलों को अधिक उपयोगी व आकर्षक बनाना है।

रिपोर्ट: कौशलेंद्र शुक्ला

Also Read: लखीमपुर खीरी में 1.25 करोड़ की स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, बाइक भी बरामद 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.