Koffee With Karan 9: करण जौहर ने किया आखिरी सीजन का ऐलान, पिता की बात याद कर हुए भावुक
Entertainment News: फिल्ममेकर और होस्ट करण जौहर का चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने वाला है।
करण ने बुधवार को शो के सीजन 9 का प्रोमो जारी करते हुए इसकी स्ट्रीमिंग डेट का ऐलान किया।
इस बार शो 14 अक्टूबर 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। हालांकि, करण ने इसे शो का फाइनल सीजन बताया है।
प्रोमो में करण जौहर शो के सफर और उससे जुड़ी अपनी यादों को साझा करते नजर आए।
उन्होंने बताया कि जब साल 2004 में उन्होंने पहली बार अपने पिता और फिल्ममेकर यश जौहर को इस चैट शो का आइडिया बताया था, तो उन्होंने मजाक में पूछा था कि दोस्तों को बुलाकर बातें करने के लिए उन्हें पैसे कौन देगा।
पिता की बात याद कर भावुक हुए करण
करण ने बताया कि उनके पिता यश जौहर का जून 2004 में निधन हो गया था। इसके कुछ ही महीने बाद अगस्त 2004 में ‘कॉफी विद करण’ का पहला सीजन आया।

करण ने कहा कि उनके पिता इस शो को देख नहीं पाए, लेकिन आज इस शो के कई सीजन और एपिसोड पूरे हो चुके हैं।
करण ने शो के सफर को याद करते हुए कहा कि इस दौरान कई रिश्ते बने, कुछ कपल शादी के बंधन में बंधे तो कुछ अलग भी हुए।
उन्होंने नेपोटिज्म से लेकर बॉलीवुड के कई विवादों और चर्चाओं का भी जिक्र किया।
करण ने कहा कि कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिनके खत्म होने के बारे में इंसान कभी नहीं सोचता।
‘कॉफी विद करण’ ने उन्हें दोस्ती, विवाद और कई यादगार पल दिए हैं। अब सीजन 9 के साथ वह इस सफर को आखिरी कप कॉफी के साथ खत्म करने जा रहे हैं।

