बृजभूषण के ‘अखिलेश बिना सब सूना’ बयान पर बोले सपा प्रमुख, ‘संबंध उनसे बहुत अच्छे हैं’
Akhilesh Yadav: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान अखिलेश यादव से भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के वायरल बयान को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर सपा प्रमुख ने कहा, “हमारे संबंध उनसे बहुत अच्छे हैं।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास और किसानों की खुशहाली के लिए सभी को साथ आना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जो भी सपा में आना चाहेगा, उसे पार्टी स्वीकार करेगी।
बृजभूषण शरण सिंह ने एक वायरल वीडियो में कांग्रेस की ओर से यूपी में 150 सीटें मांगे जाने के सवाल पर कहा था कि “अखिलेश यादव के बिना सब सूना है।” इसके बाद उनके बयान को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई।
राज्यसभा चुनाव पर भी बोले अखिलेश
अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव में सपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर भी संकेत दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संख्या के हिसाब से मौका मिलना चाहिए और “बेईमानी नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने दावा किया कि यूपी में बहुत लोग सपा के संपर्क में हैं। गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि जो गठबंधन पहले था, वही आगे रहेगा।
संभल हिंसा और STF पर भी निशाना
अखिलेश ने संभल हिंसा से जुड़े सवाल पर पुलिस पर अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने STF को लेकर भी सवाल उठाए और यूपी में फर्जी एनकाउंटर का आरोप लगाया। उनका दावा था कि प्रदेश में सबसे ज्यादा हत्याएं PDA समाज के लोगों की हुई हैं।
यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। इनमें नौ सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होगा, जबकि एक सीट दिनेश शर्मा के इस्तीफे के बाद खाली है। मतदान 16 अक्टूबर को होगा।
Also Read: बृजभूषण शरण सिंह के बयान से गर्माई यूपी की सियासत, बोले- अखिलेश के बिना सब सूना

