धनराज नथवानी पर सपा ने क्यों लगाया दांव? अखिलेश यादव ने बताई वजह
Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े धनराज परिमल नथवानी को मैदान में उतारा है। दोनों ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
धनराज नथवानी का नाम सामने आने के बाद सियासी चर्चा तेज हो गई। अखिलेश यादव ने उनकी उम्मीदवारी की वजह बताते हुए कहा कि सपा को नई पीढ़ी और नई सोच वाले व्यक्ति को राज्यसभा भेजने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट जगत में कई दलों का प्रभाव है, इसलिए सपा ने उद्योग जगत से जुड़ने का फैसला किया है। इससे प्रदेश में उद्योग और कारोबार को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
तीसरे उम्मीदवार पर अभी फैसला नहीं
अखिलेश यादव ने राज्यसभा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर कहा कि इस पर काम चल रहा है। संख्या पूरी होने के बाद नाम घोषित किया जाएगा। भाजपा के लोगों के संपर्क में होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वहां भी कई लोग उनके संपर्क में हैं, लेकिन उन्हें समायोजित कैसे किया जाएगा, यह सवाल है।
2027 में गठबंधन पर भी साफ किया रुख
अखिलेश ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा का गठबंधन पहले की तरह रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले गठबंधन की तैयारी चल रही है और औपचारिक घोषणा के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। उनके मुताबिक, जो दल पहले साथ थे, वही आगे भी साथ रहेंगे। धनराज नथवानी, राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी के बेटे हैं और रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े हैं।
Also Read: बृजभूषण के ‘अखिलेश बिना सब सूना’ बयान पर बोले सपा प्रमुख, ‘संबंध उनसे बहुत अच्छे हैं’

