शाहजहांपुर में दो साधुओं का डबल मर्डर, मंदिर में तख्त से बांधकर जिंदा जलाया, जांच में जुटी पुलिस
Shahjahanpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हनुमान मंदिर में रह रहे दो वृद्ध साधुओं की हत्या से सनसनी फैल गई। गांव के पश्चिम स्थित मंदिर परिसर में दोनों को तख्त से बांधकर आग लगा दी गई। घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान गोपाल दास (Gopal Das) और बड़े दास (Bade Das) के रूप में हुई है। बड़े दास दिव्यांग बताए गए हैं। दोनों लंबे समय से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और उसकी देखभाल करते थे। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
मंदिर की जमीन को लेकर था विवाद

बताया जा रहा है कि हनुमान मंदिर सुमित सिंह के परिवार की जमीन पर बना है। इसी जमीन पर कब्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात की तत्काल वजह क्या थी और घटना से पहले मृतकों और आरोपी के बीच क्या विवाद हुआ था।
ग्रामीणों ने सुमित सिंह पर वारदात में शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस उसकी भूमिका समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
दो महीने पहले जेल से छूटने की बात
ग्रामीणों के मुताबिक, सुमित सिंह करीब दो महीने पहले जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट (SC-ST Act), कार जलाने समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। ग्रामीणों ने उसके पूर्व में आगजनी की घटनाओं से जुड़े होने की भी बात कही है।
हालांकि, उसके आपराधिक रिकॉर्ड और डबल मर्डर (Shahjahanpur Double Murder) में उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Also Read: आगरा में ऑटो के अंदर दरिंदगी, विवाहिता की बारी-बारी से लूटी आबरू, गला काटकर सड़क पर फेंका

