कैप्टन स्मित मच्छार को विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार देगी सरकार

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात सरकार ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (Flydubai) की उड़ान में भीषण हादसे को टालने वाले कैप्टन स्मित मच्छार को विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार से नवाजने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने उन्हें 25 लाख रुपये की नकद धनराशि देने का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को यह घोषणा की।

खून से लथपथ होने के बाद भी दिखाया अदम्य साहस

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बताया कि कॉकपिट के भीतर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल होने और अत्यधिक खून बहने के बाद भी कैप्टन मच्छार ने धैर्य नहीं खोया। उन्होंने असाधारण सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए विमान में सवार 27 बच्चों समेत कुल 174 यात्रियों की जान बचाई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर सीएम ने लिखा कि पूरा देश और दुनिया कैप्टन मच्छार की वीरता को सलाम कर रही है, जिन्होंने गुजरात और भारत का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।

सह-पायलट ने किया था हमला

यह घटना बुधवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 (बोइंग 737 मैक्स 8) में घटी। आरोप है कि उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कॉकपिट में ही कैप्टन मच्छार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे विमान अचानक तेजी से नीचे गिरने लगा। गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू में किया। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

पीएम मोदी और नेतन्याहू ने बताया नेशनल हीरो

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी कैप्टन मच्छार को गुजरात का बहादुर बेटा बताते हुए उनके साहस की सराहना की। कैप्टन की इस जांबाजी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन मच्छार के परिजनों से फोन पर बात कर उन्हें देश का ‘हीरो’ बताया, वहीं इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनके इस ऐतिहासिक कदम की तारीफ की है।

सऊदी अरब में चल रहा इलाज

गुजराती मूल के कैप्टन स्मित मच्छार के पास कमर्शियल एविएशन में 13 सालों से अधिक का अनुभव है और वे 9,750 से अधिक घंटे की उड़ान भर चुके हैं। जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उन्होंने 11 वर्षों तक स्पाइसजेट में बतौर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन सेवाएं दी हैं। वर्तमान में उनका इलाज सऊदी अरब के अस्पताल में चल रहा है, जहां वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। घटना के कारणों की जांच अंतरराष्ट्रीय विमानन एजेंसियां कर रही हैं।

Also Read: पायलट स्मित ने बचाई 174 लोगों की जान, PM मोदी बोले- ‘हीरो हैं आप’, नेतन्याहू ने भी किया सलाम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.