अंबेडकरनगर में बिजली चोरी पकड़ने गए जेई को कमरे में बंद कर पीटा, मोबाइल भी तोड़ा

Ambedkar Nagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे बिजली विभाग के अवर अभियंता (JE) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जांच के दौरान जेई को कमरे में बंद कर पीटा गया और उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उन्हें कमरे से बाहर निकाला। जेई की तहरीर पर पुलिस ने पिता और उनके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अतिरिक्त केबल से बिजली चोरी की जांच करने पहुंची थी टीम

मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के पख्खनपुर बिछैला गांव का है। विद्युत उपकेंद्र नेवादा में तैनात जेई प्रभाकर मौर्य ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब एक बजे उन्हें गांव के निवासी रामबहादुर के व्यावसायिक बिजली कनेक्शन पर अतिरिक्त केबल लगाकर बिजली चोरी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह संविदा कर्मचारी आलोक सिंह, धीरज शर्मा और चालक अबरार के साथ जांच करने पहुंचे।

जेई के मुताबिक, टीम ट्रांसफॉर्मर से अतिरिक्त केबल जोड़कर बिजली चोरी किए जाने की वीडियोग्राफी कर रही थी। इसी दौरान रामबहादुर ने उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि रामबहादुर का बेटा रोहित लोहे की सरिया और राहुल बैट लेकर पहुंचा। इसके बाद जेई और कर्मचारियों पर हमला कर दिया गया। अन्य कर्मचारी किसी तरह वहां से निकल गए, जबकि जेई को कमरे में बंद कर दिया गया।

मोबाइल का लॉक खोलने का बनाया दबाव

तहरीर के अनुसार, आरोपितों ने वीडियोग्राफी के साक्ष्य मिटाने के लिए जेई से मोबाइल का लॉक खुलवाने का दबाव बनाया। इनकार करने पर मोबाइल तोड़ दिया गया। इसके बाद बिजली कर्मचारियों ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेई को बाहर निकाला।

जैतपुर पुलिस ने रामबहादुर, रोहित और राहुल के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, विद्युत अधिनियम, मारपीट और धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस वीडियोग्राफी और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। एसओ जैतपुर प्रेमचंद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.