गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश, पिलर्स पब्लिक स्कूल के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
Gorakhpur News: गांधी जयंती के अवसर पर नगर के हृदय कहे जाने वाले गोलघर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के समीप पिलर्स पब्लिक स्कूल, सिक्टौर के छात्रों ने स्वच्छता जागरूकता को लेकर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्रधानाचार्य डॉ. तनुजा झा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
नाटक में विद्यार्थियों अवनी, श्रीश्याम, ओजस्वी, कार्तिकेय, अभिषेक और जयेश ने विभिन्न भूमिकाओं के माध्यम से लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े को निर्धारित डस्टबिन में डालने का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुति इतनी सहज और प्रभावी रही कि आसपास मौजूद लोग स्वयं आकर्षित होकर नाटक देखने के लिए रुक गए।
छात्रों ने नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छ शहर की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। डस्टबिन का सही ढंग से उपयोग करने और इधर-उधर कूड़ा न फेंकने की अपील ने उपस्थित लोगों का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया।

शिक्षकों के प्रयासों से तैयार हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम को तैयार कराने और उसके सफल क्रियान्वयन में विद्यालय की शिक्षिका कृतिका सिंह, पूजा यादव, आरतिया, अभिषेक सर, अंकित, निधि, विमल और अरविन्द श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने नाटक की तैयारी की और सार्वजनिक स्थल पर प्रभावशाली ढंग से अपनी प्रस्तुति दी।
दर्शकों ने की बच्चों की सराहना
कार्यक्रम के दौरान मौजूद दर्शकों ने पिलर्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुति की जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि बच्चों द्वारा मनोरंजक और सरल तरीके से दिया गया स्वच्छता का संदेश आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा।
वहीं, लोगों ने विद्यालय के डायरेक्टर आरपी शाही के प्रयासों की भी सराहना की। लोगों का कहना था कि विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छता के साथ-साथ बच्चों की प्रतिभा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया।
रिपोर्ट: पंकज पांडे

