गांधी जयंती के दिन पूर्व सैनिक ने किया आत्मदाह का प्रयास, जमीन विवाद पर मांगा न्याय

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में पैतृक जमीन पर कब्जे के विवाद से परेशान एक पूर्व सैनिक ने शुक्रवार, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया। सुबह करीब 10 बजे परिवार के साथ पहुंचे सत्येंद्र कुमार शाही ने अपने ऊपर तेल उड़ेल लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और तेल का गैलन छीनकर उन्हें आत्मदाह करने से रोक दिया।

सत्येंद्र कुमार शाही खामपार थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार के रहने वाले हैं। उनका आरोप है कि उनकी पैतृक जमीन पर भू-माफिया और अन्य लोगों ने कब्जा कर लिया है। कब्जा करने वालों में टॉप-10 की सूची में शामिल एक व्यक्ति भी है।

सीएम जनता दर्शन में चार बार लगाई गुहार

पूर्व सैनिक का कहना है कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखनाथ मंदिर स्थित जनता दर्शन में चार बार अपनी शिकायत लेकर जा चुके हैं। उनके मुताबिक, हर बार जिला प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। कई बार जमीन की पैमाइश भी कराई गई, फिर भी उन्हें न्याय नहीं मिला।

उन्होंने 2 अक्टूबर को आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। इसकी जानकारी रजिस्टर्ड डाक से मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों को भी भेजी थी।

डीएम ने एसडीएम को दिए निर्देश, जांच शुरू

घटना की जानकारी पर एडीएम प्रशासन प्रेमनारायण सिंह मौके पर पहुंचे और पूर्व सैनिक को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के पास ले गए। डीएम ने उनकी शिकायत सुनने के बाद भाटपाररानी के एसडीएम दीपराज सिंह को फोन कर मामले का तत्काल निस्तारण करने का निर्देश दिया।

एडीएम के मुताबिक, पूर्व सैनिक को समझाने के बाद पुलिस सुरक्षा में घर भेज दिया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों को समस्या का समाधान कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Also Read: “बुआ मां हैं, मिशन रिश्तों से बड़ा”, आकाश आनंद ने मायावती के फैसले का किया समर्थन, ससुर पर कार्रवाई को बताया सही 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.