ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में हवा में इमरजेंसी, 37 हजार से 9 हजार फीट पर आया विमान, मचा हड़कंप

British Airways BA295 Emergency: लंदन से शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA295 में सोमवार को हवा में अचानक इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। बोइंग 777 (Boeing 777) विमान आयरलैंड के ऊपर उड़ान भर रहा था, तभी उसकी ऊंचाई में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान करीब 37,000 फीट से उतरकर लगभग 9,000 फीट की ऊंचाई पर आ गया।

इसके बाद विमान के पायलटों ने ट्रांसपोंडर पर 7700 इमरजेंसी कोड एक्टिव किया। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामान्य विमानन आपात स्थिति का संकेत होता है। इस कोड से एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को पता चलता है कि विमान को तत्काल सहायता और प्राथमिकता की जरूरत है।

इमरजेंसी का कारण अभी साफ नहीं

फिलहाल British Airways ने विमान के अचानक इतनी ऊंचाई नीचे आने की वजह सार्वजनिक नहीं की है। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के घायल होने की सूचना भी सामने नहीं आई है। फ्लाइट-ट्रैकिंग के अनुसार विमान को वापस लंदन की ओर डायवर्ट किया गया।

यह घटना हाल ही में फ्लाईदुबई (flydubai) की फ्लाइट FZ1073 में हुई इमरजेंसी के कुछ दिन बाद सामने आई है। 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही इस फ्लाइट ने इमरजेंसी कोड भेजने के बाद अपना रास्ता बदलकर सऊदी अरब के तबुक में लैंड किया था। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा में उस विमान की करीब 17,400 फीट की तेज गिरावट दर्ज हुई थी।

हालांकि, दोनों घटनाओं के कारण अलग-अलग हो सकते हैं और BA295 में इमरजेंसी की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

Also Read: फ्लाईदुबाई में नौकरी से पहले ही रच ली थी हमले की साजिश, पूछताछ में को-पायलट ने खोले राज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.