लखनऊ एयरपोर्ट के पीछे लेबर कैंप में भीषण आग, दो मजदूर घायल, मची अफरा-तफरी

Lucknow Airport Fire: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पीछे बने श्रमिक कैंप की बैरक नंबर-9 में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला अस्थायी संरचना को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि किचन के बाहर सिलेंडर पर खाना बनाते समय आग भड़की। कुछ ही देर में लपटें पूरे कैंप में फैल गईं। आग बुझाने के दौरान वहां रखे दो गैस सिलेंडरों में भी विस्फोट हुआ।

सूचना मिलते ही एयरपोर्ट के सुरक्षा कर्मियों के साथ सरोजनी नगर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए 9 फायर टेंडर और 22 हजार लीटर क्षमता वाला वॉटर बाउजर लगाया गया। करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाई।

दो मजदूर घायल

हादसे (Lucknow Airport Fire) के दौरान पहली मंजिल से बाहर निकलते समय एक मजदूर ने नीचे छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। वहीं खाना बना रहे एक अन्य मजदूर के पैर में भी चोट लगी। इस तरह हादसे में कुल दो मजदूर घायल हुए हैं। हालांकि, आग की चपेट में आने से किसी के झुलसने की सूचना नहीं है।

आग इतनी भीषण थी कि तीन मंजिला अस्थायी निर्माण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वीडियो में दूर तक आग की लपटें और धुआं दिखाई दे रहा है।

फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Also Read: लखनऊ में 68,500 शिक्षक अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री का आवास घेरा, बोले- नियुक्ति मिलेगी या अर्थी उठेगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.