हरदोई में बाढ़ से 30 से ज्यादा गांव बेहाल, कांग्रेस ने संडीला विधायक के गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल
Hardoi News: हरदोई की संडीला विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कटका, कटकी, भटपुर, देवरी, तुलसीपुर और भंभुआ समेत 30 से अधिक गांवों में जनजीवन प्रभावित है। पिछले 10 दिनों से घरों में पानी भरा होने के कारण हजारों परिवार संकट का सामना कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बाढ़ प्रभावित कटका क्षेत्र का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय विधायक की निष्क्रियता पर सवाल उठाए।
घरों में पानी भरने से परिवार परेशान, राहत पहुंचाने की मांग
अंशू अवस्थी ने स्थानीय प्रशासन और अपर जिलाधिकारी से बातचीत कर प्रभावित गांवों में तत्काल राहत और बचाव के कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण लोगों की गृहस्थी डूब गई है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं। कई परिवारों को घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन अब तक प्रभावी राहत नहीं पहुंची है।
‘बाढ़ से लोग परेशान, विधायक जी लापता’
कांग्रेस प्रवक्ता ने स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा, “लोग बाढ़ से परेशान हैं, विधायिका जी लापता हैं। क्षेत्र की जनता संकट में है, लेकिन विधायक के पास उनकी समस्याओं के लिए खड़े होने का समय नहीं है।”
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल उद्घाटन करने और फीता काटने तक सीमित नहीं है। आपदा के समय जनता के बीच पहुंचना, उसकी परेशानी सुनना और प्रशासन पर राहत कार्यों के लिए दबाव बनाना भी जनप्रतिनिधि का दायित्व है।
अंशू अवस्थी ने कहा कि चुनाव के समय घर-घर पहुंचने वाले जनप्रतिनिधियों की असली परीक्षा संकट के समय होती है। संडीला की जनता जानना चाहती है कि पिछले 10 दिनों से बाढ़ झेल रहे गांवों में विधायक कब पहुंचेंगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से राजनीति से ऊपर उठकर बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए स्थानीय विधायक और प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लानी चाहिए। इस दौरान सागर रावत, वसीम अंसारी, रितेश मिश्रा, अमित मौर्य, आमिर खान, रामनरेश अर्कवंशी, राहुल पासी और रजनीश कुमार मौजूद रहे।
Also Read: लखनऊ में चुनाव आयोग के खिलाफ AAP का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से झड़प में प्रदेश अध्यक्ष बेहोश

