हरदोई में स्वाइन फ्लू के 16 मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, तीन की निगरानी बढ़ी

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बुधवार तक जिले के 16 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनकी जांच गैर जिलों में हुई थी। कुछ मरीज लखनऊ, बरेली और शाहजहांपुर के बड़े चिकित्सा केंद्रों में भर्ती हैं, जबकि कुछ घर पर इलाज करा रहे हैं। तीन मरीजों की हालत को देखते हुए उनकी निगरानी बढ़ाई गई है।

यूडीएसपी के आंकड़ों के अनुसार, अर्बन हरदोई के धर्मशाला मार्ग निवासी 40 वर्षीय आरती गुप्ता की निजी पैथोलॉजी जांच पॉजिटिव आई। बावन के महोलिया शिवपार निवासी 45 वर्षीय आराधना उपाध्याय की लखनऊ में आरटी-पीसीआर जांच में संक्रमण मिला। वह निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। शाहाबाद के एगवां निवासी 27 वर्षीय मुन्नी बेगम सांस की परेशानी के बाद बरेली के राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।

हरदोई मेडिकल कॉलेज की सभी जांचें निगेटिव

हरदोई मेडिकल कॉलेज में अब तक स्वाइन फ्लू की 21 जांचें हुई हैं और सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। प्राचार्य डॉ. जीबी गोगोई ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में कोई पॉजिटिव मरीज नहीं मिला है। लखनऊ में कुछ मरीजों के पॉजिटिव होने की सूचना है।

बावन, शाहाबाद और अर्बन हरदोई में स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों के घर और आसपास जाकर निगरानी कर रही हैं।

हमीरपुर में मासूम वेंटिलेटर पर

हमीरपुर के रमेड़ी मोहल्ले में तीन साल तीन महीने के हरि यादव में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। कानपुर के निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और वह वेंटिलेटर पर है। बच्चे की तबीयत एक सप्ताह पहले बिगड़ी थी। जिला अस्पताल में दवा और बाद में एक्सरे के बाद परिजनों ने उसे कानपुर ले जाकर भर्ती कराया था। वहीं, बाराबंकी की शालीमार मन्नत कॉलोनी में भी स्वाइन फ्लू का मरीज मिला है। जिले में डेंगू और मलेरिया के मरीज भी मिले हैं।

Also Read: IIT Delhi का 7 महीने का प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कोर्स, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.